मुंबई सत्र न्यायालय के न्यायाधीश डी डब्ल्यू देशपांडे ने सलमान ख़ान को साल 2002 के हिट एंड रन मामले में पांच साल का सश्रम कारावास की सज़ा सुनाई। पिछले 13 सालों में कई मोड़ से गुज़रने वाले इस हाई प्रोफाइल मामले की बुधवार को मुंबई सत्र न्यायालय में अंतिम सुनवाई हुई। विदर्भ के नागपुर शहर के मूल निवासी डी डब्ल्यू देशपांडे की मुंबई सत्र न्यायलय में 2012 में नियुक्ति हुई थी।
वो साल 2014 से सीबीआई के विशेष न्यायधीश के तौर पर काम देख रहे हैं। मुंबई सत्र न्यायालय में नियुक्ति से पहले जस्टिस देशपांडे दादर न्यायालय में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के तौर पर कार्यरत थे। मुंबई तबादला होने से पहले, वो अलीबाग में ज़िला न्यायाधीश के पद पर थे।