सैन्य बलों के आधुनिकीकरण अभियान को तेज करते हुए सरकार ने साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक के उपकरणों की खरीद को सोमवार को मंजूरी दे दी। रक्षा मंत्री एके एंटनी की अध्यक्षता में रक्षा खरीददारी परिषद (डीएसी) की डेढ़ घंटे चली बैठक में नए प्रस्ताव मंजूर किए गए, जिनमें नौसेना के लिए प्रशिक्षण पोत, विशेष कार्रवाई पोत और सेना के लिए नाइट विजन उपकरणों की खरीद शामिल है।
सूत्रों ने बताया कि परिषद ने सेना के लिए करीब ढाई हजार नाइट विजन उपकरणों की खरीददारी के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। लंबे समय से सेना इन उपकरणों की मांग कर रही थी। डीएसी ने नौसेना के लिए स्पेशल ऑपरेशन पोत के निर्माण को भी मंजूरी दी, जिसे हिंदुस्तान शिपयार्ड में बनाया जाएगा।
इस तरह की दो पोतों का निर्माण किया जाना है। रक्षा उत्पादन में निजी क्षेत्र को शामिल करने की बड़ी पहल करते हुए परिषद ने नौसेना के लिए कैडेट प्रशिक्षण पोत निजी शिपयार्ड में बनाने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दे दी। यह पोत एबीजी शिपयार्ड में बनाया जाएगा।