प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के अभिभाषण का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों ने राष्ट्रपति की बात मानी। पीएम मोदी ने सभी सांसदों से अभिभाषण पर संशोधन वापस लेने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को लोकसभा देर रात तक चली उसके बाद भी हर कोई खुश था क्योंकि सभी को अपने सवाल जवाब करने का मौका मिला।
पीएम मोदी ने कहा कि ज्यादा देर काम करने से सांसद खुश थे। पीएम मोदी ने कहा कि संसद में 42 घंटे की कार्रवाई सदन बाधित होने के कारण खराब हो गई। उन्होंने मृत्यु से कांग्रेस की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस को वरदान मिला हुआ है और उसे कभी बदनामी नहीं मिलती।
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद हमारी नीतियों की वजह से लोग अनपढ़ रहे। राज्य सभा में जिन सांसदों का कार्यकाल खत्म होने वाला है उन पर चुटकी लेते हुए पीएम मोदी ने कहा कि लोग अब भूले बिसरे गीत की तरह सुनाई दे रही है।
'कांग्रेस 30 फीसदी अनपढ़ लोगों को दे टिकट'
- फोटो : PTI
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अगर अनपढ़ लोगों की ज्यादा चिंता है तो आगामी चुनावों में 30 फीसदी अनपढ़ लोगों को टिकट दे। पीएम मोदी ने लोकसभा और राज्यसभा के संदर्भ में कहा कि दोनों सदनों में तालमेल होना आवश्यक है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें सभी अटके पड़े बिलों के पास होने की उम्मीद है। मोदी ने कहा कि सरकार ने कोयला आवंटन से 3.33 लाख करोड़ रुपए, स्पेक्ट्रम की नीलामी से 1 लाख करोड़ रुपए और खनिजों की नीलामी से 18 हजार करोड़ रुए जुटाए हैं।
पीएम ने कहा कि 20 साल से अटके पड़े 300 प्रोजेक्ट्स की उन्होंने खुद समीक्षा की है। पीएम ने कहा कि 15 लाख करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स वापस शुरु हो गए हैं और पर्यावरण मंजूरी के लिए राज्यों को अधिकार दिए गए हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अगर उन्होंने मेहनत से काम किया होता तो जनधन एकाउंट मुझे न खोलना पड़ता। जैम (JAM)योजना के संदर्भ में कहा कि इसकी वजह से चंडीगढ़ में 30 लाख ली केरोसिन जाना बंद हो गया. सब्सिडी पर पीएम मोदी ने कहा कि सरकार इसके लिए प्रयासरत है कि यह पात्र लोगों को मिले, समय से मिले और नियम से मिले।
किसान की कमाई बढ़ाने का प्रयास
- फोटो : PTI
उन्होंने कहा कि 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुना करने के लिए सभी आगे बढ़े। बजट की चर्चा करते हुए पीएम ने कहा कि रोजगार को बढ़ावा देने के लिए बजट में उपाय किए गए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर टिप्पणी करते हुए पीएम ने कहा कि मैं उन जैसा अर्थशास्त्री तो नहीं हूं लेकिन गरीबी को करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि मेरे पास बड़ा ज्ञान तो नहीं है लेकिन काम कर रहे हैं तो नतीजा सही मिलेगा।
स्वायल कार्ड के संदर्भ में पीएम मोदी ने कहा कि यदि किसान उसका पालन करें तो उन्हें उसका लाभ मिलेगा। महाराष्ट्र में कोका-कोला से हुए करार पर पीएम ने कहा कि अब उनके ड्रिंक में 5% नेचुरल संतरे का जूस मिक्स करने का अनुरोध किया गया है जिसमें विदर्भ के संतरे का इस्तेमाल किया जाएगा। पीएम ने कहा कि हम किसानों की कमाई बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खेत के किनारे पेड़ लगाने से फायदा होगा। पीएम ने स्वच्छता अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि सभी को अपने स्थानीय प्रशासन पर दबाव डालना चाहिए ताकि आसपास का माहौल स्वच्छ हो सके और 2019 तक हम महात्मा गांधी का सपना पूरा कर सकें।
पीएम ने सुनाई गजल
- फोटो : PTI
पीएम मोदी ने बजट में टैक्स की चर्चा करते हुए कहा कि हम टैक्स किस पर लगा रहे है, कैसे लगा रहे हैं यह दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने गंगा की स्वच्छता पर कांग्रेस से सवाल पूछे और कहा कि आप लोगों ने क्या किया? पीएम ने इस दौरान विपक्ष के सभी लोगों का आभार भी जताया।
अपने धन्यवाद प्रस्ताव के अंत में पीएम मोदी ने निदा फाजली की गजल भी जो सुनाई । उन्होंने फाजली का यह शेर राज्यसभा में सुनाया।
सफर में धूप तो होगी जो चल सको तो चलो
सभी हैं भीड़ में तुम भी निकल सको तो चलो
इधर उधर कई मंजिल हैं चल सको तो चलो
बने बनाये हैं साँचे जो ढल सको तो चलो
किसी के वास्ते राहें कहाँ बदलती हैं
तुम अपने आप को खुद ही बदल सको तो चलो
यहाँ किसी को कोई रास्ता नहीं देता
मुझे गिराके अगर तुम सम्भल सको तो चलो
यही है जिन्दगी कुछ ख्वाब चन्द उम्मीदें
इन्हीं खिलौनों से तुम भी बहल सको तो चलो।