बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा के साथ छेड़छाड़ मामले में जुटी मुंबई पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं।
वानखेड़े स्टेडियम के गारवरे पवेलियन में लगे 5 सीसीटीवी कैमरों से भी उसे कोई सुबूत हाथ नहीं लगा है।
इन कैमरों के फुटेज में 30 मई को प्रीति और मामले में आरोपी उद्योगपति नेस वाडिया के बीच किसी तरह की बहस या फिर धक्का-मुक्की जैसा कोई दृश्य रिकॉर्ड नहीं हुआ है।
प्रीति ने दर्ज कराई है शिकायत
प्रीति ने 12 जून को मरीन ड्राइव पुलिस से शिकायत की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि 30 मई के आईपीएल मैच के दौरान वाडिया ने स्टेडियम में उनके साथ छेड़छाड़ और गाली गलौज की थी।
हालांकि वाडिया इन आरोपों को गलत और आधारहीन बताते रहे हैं।
जांच में शामिल एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वानखेड़े मैदान के अंदर 172 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।
जिनमें पांच सीसीटीवी कैमरे गारवरे पवेलियन में लगे हैं। हालांकि इन पांचों सीसीटीवी की फुटेज में ऐसा कोई सुबूत नहीं मिला जिससे जांच में मदद मिल सके।
वानखेड़े स्टेडियम के सीसीटीवी फुटेज की जांच
अधिकारी ने बताया, "पांच सीसीटीवी फुटेज से हमें कुछ सुबूत मिलने की उम्मीद थी लेकिन इनमें न तो बहस और न ही दोनों के बीच किसी तरह के धक्का-मुक्की का दृश्य दिखा।"
अब जांच अधिकारी इंडियन प्रीमियर लीग- 2014 के आधिकारिक प्रसारणकर्ता सोनी कंपनी के वीडियो कैमरे की फुटेज को खंगालेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, "सोनी को सभी असंपादित फुटेज उपलब्ध कराने हैं।" हालांकि अधिकारी ने ये भी बताया, "अगर तकनीकी सुबूत नहीं मिले तो गवाहों के बयान मामले में अहम साबित होंगे।"
गवाहों से बयान दर्ज कराएगी पुलिस
पुलिस अधिकारी ने कहा, "प्रीति ने छेड़छाड़ मामले में अपनी तरफ से गवाह के तौर पर 14 लोगों के नाम उपलब्ध कराएं हैं। इन सभी लोगों को अपने बयान रिकॉर्ड कराने को कहा जाएगा।"
इससे पहले मुंबई पुलिस ने मंगलवार शाम को प्रीति से करीब डेढ़ घंटे तक वानखेड़े स्टेडियम के बीसीसीआई कार्यालय में पूछताछ की।
मरीन ड्राइव पुलिस ने छेड़छाड़ मामले में अभिनेत्री का बयान रिकॉर्ड किया जबकि क्राइम ब्रांच ने अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी द्वारा वाडिया के सचिवों को धमकाने के लिए फोन करने के संदर्भ में बयान लिए।