विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने गुरुवार को कहा कि जब जिहादियों की छाती पर पांव रखकर तीन लाख हिंदुओं को कश्मीर भेज लेंगे, अयोध्या में राम मंदिर बना लेंगे, लाहौर और रावलपिंडी में भगवा लहरा लेंगे, तभी उत्सव मनाएंगे। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण गलत है, इसके विरुद्ध कानून बनना चाहिए।
बीएलजे मैदान में विहिप के विराट हिंदू सम्मेलन में मुख्य अतिथि तोगड़िया ने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से हिंदुओं को संगठित करने के लिए तीन संकल्प लेने होंगे। हम एक हैं, एक रहेंगे। गाय कटने नहीं देने, धर्मांतरण नहीं होने देने और भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प भी लेना होगा।
तोगड़िया ने कहा कि धर्मांतरण गलत है, इसके विरुद्ध कानून लाना चाहिए। दो हजार वर्ष पूर्व न कोई मुस्लिम था, न सिख और न ही क्रिश्चियन था। सिर्फ हिंदू रहे, साथ ही हिंदू राष्ट्र रहा। औरंगजेब, बाबर और हुमायूं के समय हिंदुओं को जबरदस्ती मुस्लिम बनाया गया। आज जो भी मुस्लिम है, वह हिंदू हैं। हम हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए मुस्लिम बन चुके भाइयों को जोड़ रहे हैं, उनको गले लगा रहे हैं तो क्या गलत कर रहे हैं। यह तभी संभव है, जब सभी सौ करोड़ हिंदू एक होंगे। प्रदेश संगठन मंत्री मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि देश में हिंदू समाज विघटित है, जबकि मुस्लिम समाज संगठित है। हिंदू समाज को भी संगठित करने का संकल्प लिया गया है।