अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की तालकटोरा स्टेडियम में हुई बैठक में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने के मु्द्दा ही छाया रहा। पूरा स्टेडियम 'राहुल-राहुल' के नारों से गूंज रहा था।
राहुल को कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की मांग को लेकर सभी कांग्रेसी नेताओं ने अपनी-अपनी राय रखी।
इस बीच उत्तर प्रदेश से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने अपने भाषण में चापलूसी की सारी हदें पार कर दीं। तिवारी ने अपने भाषण में एक बार नहीं कई बार सारी सीमाएं लांघ दी।
सोनिया जी आप अपना बेटा हमें दें
अपने भाषण के दौरान उत्तर प्रदेश से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने सोनिया गांधी को देश सौंपने की बात तक कर दी। प्रमोद तिवारी ने कहा कि सोनिया जी आप अपना बेटा हमें दे दीजिये। हम देश आपको दे देंगे।
प्रमोद तिवारी सिर्फ यहीं तक नहीं रुके काफी आगे तक गए। इसी बीच पूरा तालकटोरा स्टेडियम राहुल-राहुल के नारों से गूंजने लगा।
राहुल में राजीव का खून और सोनिया का दूध
प्रमोद तिवारी ने अपने भाषण में सोनिया गांधी के लिए कहा कि हिंदुस्तान ने कभी ऐसा राजनैतिक बलिदान नहीं देखा जैसा बलिदान आपने किया है। देश के प्रधानमंत्री पद को ठुकराया है।
राहुल की तारीफ करते हुए तिवारी ने कहा राहुल के नेतृत्व में अगर राजीव गांधी का लहू है तो फिर आपका दूध भी है। ये लहू और दूध हिंदुस्तान के भविष्य का फैसला करेगा।
अगला चुनाव महात्मा गांधी-नाथूराम गोडसे के बीच
सांप्रदायिकता के मामले में भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रमोद तिवारी बोले की अगला लोकसभा चुनाव पार्टियों के बीच का चुनाव नहीं है बल्कि महात्मा गांधी और गोडसे के बीच का है।
सीना चीर के देख लें
सारे कांग्रेसियों के बीच खुद को अलग दिखाने के चक्कर में प्रमोद तिवारी ने खुद को हनुमान साबित करने में भी देर नहीं की। प्रमोद तिवारी ने कहा आप हमारा सीना चीर के देख लें अंदर राहुल ही मिलेंगे।
अपने पूरे भाषण के दौरान प्रमोद तिवारी ने राहुल गांधी की चापलूसी का कोई मौका नहीं छोड़ा।