आरपीएफ पोस्ट के दरोगा-सिपाहियों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए बनाए गए व्हाट्स एप ग्रुप पर पोर्न वीडियो लोड होने से अफरा-तफरी मच गई।
ग्रुप में शामिल महिला सिपाहियों की आपत्ति पर आनन-फानन पहले क्लिप डिलीट की गई, फिर ग्रुप भी खत्म कर दिया गया। इस बीच मसला अफसरों तक पहुंच जाने से शक के दायरे में आए सिपाही पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
ट्विटर पर रेल मंत्री के मुसाफिरों को सुनने और उनकी समस्याओं का निदान कराने की पहल से प्रेरित होकर रेल महकमे के साथ-साथ रेलवे पुलिस के बीच भी सोशल साइट के जरिए विभागीय संवाद बढ़ाने और लोगों की शिकायतें दूर करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं।
काम को प्रभावी बनाने की नीयत से कई आरपीएफ पोस्ट के नेटवर्क के बीच व्हाट्स एप ग्रुप फॉर्म हुआ है। इसी क्रम में गोरखपुर पोस्ट पर तैनात आरपीएफ के दरोगा, सिपाहियों के बीच करीब एक महीने पहले व्हाट्स एप ग्रुप की शुरुआत हुई थी।