वर्ष 2011 में 2जी घोटाले के मुख्य आरोपी पूर्व संचार मंत्री ए राजा को गिरफ्तार किया गया था और करीब 15 महीने उन्हें दिल्ली की तिहाड़ जेल में गुजारने पड़े थे।
इतना ही नहीं उन्हें दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान हर रोज पेश भी होना पड़ता था।
उस समय भी ए राजा को चुनाव में अपनी नीलगिरि सीट फिर जीतने का पूरा भरोसा था। तभी सुनवाई के लिए पटियाला हाउस अदालत जाते समय पत्रकारों से एक अनौपचारिक बातचीत में ए राजा ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा था, ‘अपनी नीलगिरि संसदीय सीट को फिर से जीतूंगा।’
राजा को चुनाव में अपनी जीत का है पूरा भरोसा
जब उनसे पूछा गया कि वह इतने भरोसे के साथ फिर जीत का दावा कैसे कर सकते हैं? इस पर ए राजा ने कहा था, ‘मैंने बारिश से तबाह क्षेत्र के लोगों को छत और भोजन उपलब्ध कराया है, लोग हमारे काम को याद रखेंगे।’
वर्ष 2011 में नीलगिरि क्षेत्र में भारी बारिश से तबाही मची थी, ए राजा के खिलाफ देश भर में नफरत का माहौल था, तब उनके वफादारों ने हालात का इस्तेमाल कर क्षेत्र में लोगों की भरपूर मदद की।
तमाम लोगों को छत और भोजन मुहैया कराया। तब क्षेत्र के लोगों से यह भी कहा गया कि उनके जेल में कैद सांसद की तरफ से यह सब उपलब्ध कराया जा रहा है।
राजा का मुकाबला AIADMK के सी गोपालकृष्णनन से
राजनेता हमेशा आपदाओं का इस्तेमाल अवसर के रूप में करते हैं, मौके पर अपने को प्रोजेक्ट करते हैं। इस मामले में जब वह विश्वसनीयता के बड़े संकट का सामना कर रहे थे, तब राजा और उनके सहयोगी क्षेत्र के अपने मतदाताओं की समस्याओं के प्रति जागरूक थे।
यह कहा जा सकता है कि टीवी और अखबारों के फ्रंट पेज पर क्या सुर्खियां रहीं, इसका दूरदराज के मतदाताओं पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ता।
राजा का मुख्य मुकाबला एआईएडीएमके के सी गोपालकृष्णनन से है। इस क्षेत्र में आम आदमी पार्टी का उम्मीदवार भी है। हालांकि आप प्रत्याशी का मानना है कि इस क्षेत्र में ए राजा अजेय हैं।
जयललिता चाहती हैं राजा हारें
राजा चुनाव हारें, मुख्यमंत्री जयललिता इसके लिए विशेष प्रयास कर रही हैं। जयललिता ने इसके लिए क्षेत्र में अपने प्रत्याशी का प्रचार अभियान चलाने के लिए अपने तीन मंत्रियों की टीम को लगा रखा है।
जयललिता खुद क्षेत्र में दो रैलियां कर चुकी हैं। इससे यह पता चलता कि राजा को चुनाव हराने के लिए कितने जोरदार प्रयास एआईएडीएमके कर रही है। हालांकि इससे यह भी सच सामने आता है कि इस क्षेत्र पर राजा की पकड़ कितनी तगड़ी है। ए राजा खुद प्रचार में जुटे हुए हैं। अपने प्रचार में वह एक बोलैरो जीप का इस्तेमाल कर रहे हैं।
जीप की छत पर बैठे राजा दावा कर रहे हैं कि उन्हें राजनीति के तहत फंसाया गया। वह मीडिया से कहते हैं, ‘मुझे पूरा विश्वास है कि हम जनता की अदालत और कानूनी अदालत, दोनों जगह ही जीतेंगे। राजा अपने भाषण में खुद को ‘2जी मामले का शिकार’ बताते हैं और एआईएडीएमके प्रमुख जयललिता पर हमला करते हैं।