दक्षिण भारत की फिल्मों के खलनायक ने दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में असल जिंदगी में खलनायकी दिखा दी। आरोपी आकाश जैन ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और दो पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी।
आरोप है कि वारदात के समय आकाश ने शराब पी हुई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ईस्ट ऑफ कैलाश में रहने वाले व्यवसायी का बेटा है और मॉडल भी है। उस पर हपले से ही दो मामले दर्ज हैं।
आकाश ने मुंबई में मॉडलिंग के बाद दो वर्ष पहले दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम शुरू किया था। वह आठ-दस फिल्मों में काम कर चुका है। ज्यादातर फिल्मों में उसने खलनायक की भूमिका निभाई है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 11 बजे सूचना मिली थी कि एक युवक शाही मार्केट, लाजपत नगर में रेहड़ी वाले से झगड़ा कर रहा है। पीसीआर कर्मी मौके पर पहुंचे तो वहां कोई नहीं था।
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर कार में बैठकर शराब पी रहे आकाश से पुलिसकर्मियों ने झगड़े के बारे में पूछा तो वह चिढ़ गया और पीसीआर कर्मियों के साथ हाथापाई करने लगा।
आरोप है कि आकाश ने दो पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी। एक पुलिसकर्मी को चोट भी आई है।
आकाश को गिरफ्तार कर लाजपत नगर थाने लाया गया। आरोप है कि उसने थाने के अंदर भी हंगामा किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी शराब पीने का आदि है।
गौरतलब है कि हाल ही में दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री लीना मारिया ठगी के आरोप में गिरफ्तार हुई थी।
युवती के घर फेंकता था शराब की बोतलें
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी आकाश के खिलाफ पहले से ही दो मामले दर्ज हैं। वह लाजपत नगर की एक युवती से जबरदस्ती दोस्ती करना चाहता था।
युवती ने दोस्ती करने से मना कर दिया तो वह उसे और उसके परिजनों को परेशान करने लगा। वह युवती के घर के बाहर शराब की बोतलें फेंकता था। युवती के पिता की शिकायत पर उसे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
आकाश को दो महीने पहले इस शर्त पर जमानत दी गई थी कि वह युवती को तंग नहीं करेगा। इससे पहले भी उसके खिलाफ एक मामला दर्ज है।