साढ़े तीन साल पहले वरली के जिस फ्लैट में इंद्राणी मुखर्जी ने अपने पूर्व पति संजीव खन्ना के साथ बेटी शीना के हत्या की साजिश रची थी। उस घर में वही सीन फिर दोहराया गया।
पुलिस की कस्टडी में इंद्राणी अपने घर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानाकरी ली। माना जा रहा है कि पुलिस सबूत इकट्ठा करने के मकसद से इंद्राणी को उनके घर ले गई थी। शीना हत्याकांड में आरोपी के किरदारों में इतनी पेंच है कि पुलिस इस मामले को जितना सुलझाने की कोशिश कर रही है उतनी ही उलझती जा रही है।
पुलिस की जांच प्रमुख आरोपी इंद्राणी मुखर्जी, संजीव खन्ना और ड्राईवर श्याम राय के इर्द-गिर्द घूम रही है। सोमवार को इन तीनों की रिमांड अवधि भी खत्म हो रही है। इसके बाद इन तीनों को पुन: रिमांड मिलने की उमीद नहीं है। इसको देखते हुए पुलिस ने सबूत जुटाने का प्रयास तेज कर दिया है।
इसलिए रविवार को खार पुलिस इंद्राणी को वरली स्थित 62 बी, सर पोचखानावाला रोड की मारलो इमारत में लेकर गई और हत्या की साजिश और उससे जुड़े सबूत जुटाने की कोशिश की। पुलिस की थ्योरी के मुताबिक इसी घर में शीना की हत्या की साजिश रची गई थी। मिखाईल को बेहोश किया गया था और शीना की हत्या कर यहीं लाया गया था। उसके बाद शीना की लाश को ठिकाने लगाने की योजना भी इसी घर में बनी थी। इसलिए पुलिस ने इंद्राणी को लेकर एक बार फिर उस सीन को रिक्रिएट किया गया।
तीस तक जांच पूरी कर लेंगे
हालांकि मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया ने दावा किया है कि इस केस से
जुड़े काफी सबूत इकट्ठा किए जा चुके हैं लेकिन शीना बोरा के ई-मेल और
इंद्राणी व संजीव के बीच स्काईप से हुई बातचीत का राज अभी तक नहीं खुला है।
मारिया का कहना है कि इस केस को दिल्ली की आरूषि केस की तरह लंबा नहीं खिंचने देंगे। 30 सितंबर तक जांच पूरी कर लेंगे। बतौर मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया का कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त हो रहा है। उसके बाद उनकी पदोन्नति होनी है।
वहीं, मारिया ने मीडिया पर आरोप मढ़ा है कि वह पुलिस के काम में हस्तक्षेप कर रहा है। इस केस को सुलझाने में मीडिया को सबसे बड़ा रोड़ा बताते हुए कहा है कि वह 10 दिन में ही केस चार्जशीट चाहती है जबकि रिमांड के बाद कोर्ट भी चार्जशीट के लिए 90 दिन का समय देता है।
इंद्राणी ने वकीलों से की मन की बात
शीना बोरा हत्याकांड की प्रमुख आरोपी इंद्राणी मुखर्जी ने पहली बार अपने वकीलों के साथ मन की बात की। पुलिस अब तक इंद्राणी को उनके वकीलों से अकेले में नहीं मिलने दिया जा रहा था।
बीते 13 दिनों में पहली बार इंद्राणी को वकीलों से मिलने का मौका दिया गया। इसके बाद इंद्राणी को उनके वरली स्थित घर ले जाया गया और फिर अस्पताल में उनका मेडिकल चेकअप कराया गया।
आईएनएक्स मीडिया की सीईओ इंद्राणी मुखर्जी को अपनी ही बेटी शीना बोरा की हत्या में गिरफ्तार किया गया है। बीते 24 अगस्त से वह मुंबई पश्चिम उपनगगर के खार और सांताक्रुज पुलिस लॉकअप में हैं। रविवार को उन्हें अस्तपताल में चेकअप के बाद सांताक्रुज थाने में ले जाया गया जबकि इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना और ड्राईवर श्याम राय को खार पुलिस थाने में ही रखा गया है।
पुलिस के पास पूछताछ के लिए रविवार की रात ही शेष है। इसलिए पुलिस कुछ और राज उगलवाने के लिए इंद्राणी के साथ सख्ती से पेश आ सकती है। रविवार को कालीना फोरेंसिक लैब में शीना बोरा के कुछ और अवशेष डीएनए टेस्ट के लिए भेजे गए।
रायगढ़ के गगोर्डे गांव के पास जिस जंगल से खुदाई कर शीना के अवशेष इकट्ठा किए गए थे। उसमें से काफी अवशेष पहले ही जांच के लिए भेजे गए थे लेकिन फोरेंसिक लैब की मांग के बाद खार पुलिस की ओर से दोबारा अवशेष भेजे गए।