शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे के खिलाफ फेसबुक पर कमेंट का मामला अभी शांत भी नहीं पड़ा कि अब उनके भतीजे राज ठाकरे के खिलाफ टिप्पणी का मामला सामने आया है। पुलिस ने ठाणे के पालघर से एक युवक को एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पालघर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि राज के खिलाफ फेसबुक पर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट करने पर एक युवक के खिलाफ शिकायत मिली थी। हमने उससे पूछताछ की है क्योंकि हम पिछले दिनों की गई गलती को फिर से दोहराना नहीं चाहते हैं।
युवक पर अभी कोई आरोप नहीं लगाया गया है। इस मामले में पुलिस ने कानूनी राय मांगी है। एमएनएस के ठाणे ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष कुंदन संखे ने दावा किया है कि युवक ने राज ठाकरे और महिलाओं समेत राज्य के लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। हमारी स्टूडेंट विंग के प्रमुख ने पुलिस से इसकी शिकायत की थी। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
यह मामला पालघर की शाहीन द्वारा बाल ठाकरे के अंतिम संस्कार पर शहर में बंद के हालात पर फेसबुक पर टिप्पणी किए जाने के बाद घटित हुआ है। शाहीन और एक अन्य लड़की रीनू को टिप्पणी मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जिसकी कई सामाजिक संगठनों के साथ ही कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने आलोचना की थी। इस मामले में महाराष्ट्र सरकार ने ठाणे ग्रामीण के एसपी और वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर को निलंबित भी कर दिया है।