कुशीनगर, लखनऊ समेत देश के अलग-अलग शहरों से गिरफ्तार किए गए आईएसआईएस के 14 संदिग्ध आतंकियों से मुंबई एटीएस, एनआईए सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। ये सभी आतंकी सीरिया के यूसुफ के संपर्क में थे।
यूसुफ कौन है और उसके भारत में और किन-किन लोगों से संपर्क हैं, इसकी पड़ताल के लिए एजेंसियां अमेरिकी खुफिया एजेंसी की भी मदद ले रही हैं। एजेंसियों को आशंका है कि यूसुफ आईएम के सह संस्थापक यासीन भटकल का भाई रियाज या फिर सुभान है। भारत में आईएम के पुराने नेटवर्क के जरिये भारत के युवाओं को आईएसआईएस से जोड़ने का टास्क उसे ही दिया गया है।
कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र के मैथिया निवासी लेखपाल निजामु्दीन के बेटे रिजवान को एटीएस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। उसने पूछताछ में बताया था फेसबुक के जरिए सीरिया के यूसुफ से उसकी दोस्ती हुई थी। उसके बाद उनके बीच कई बार फोन पर बात हुई थी।
रिजवान को जेहाद के लिए प्रेरित किया जाता था। यूसुफ कुशीनगर के रिजवान के अलावा अन्य 13 संदिग्ध आतंकियों के संपर्क में था। सभी को धन भी उपलब्ध कराया गया था। इन्हीं आतंकियों के जरिए यूसुफ जनवरी में देश में सात स्थानों पर धमाके कराना चाहता था।