दुष्कर्म के आरोपों से घिरा आसाराम का बेटा नारायण साईं पुलिस की पकड़ से बाहर है। सूरत पुलिस नारायण साईं को उनके हर संभव ठिकाने पर तलाश रही है।
साईं को खोजने के लिए पुलिस की तीन स्पेशल टीम भी बनाई गई हैं। पुलिस साईं की खोज में आसाराम के सूरत स्थित आश्रम भी पहुंची।
आसाराम और बेटे पर गुजरात की रहने वाले दो बहनों ने दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। बड़ी बहन ने आसाराम और छोटी बहन ने नारायण साईं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आसाराम की पत्नी और बेटी के भी इस मामले में शामिल होने की बात कही है।
दोनों बहनों का कहना है कि आसाराम के आश्रम में रहने के दौरान उनके साथ कई सालों तक दुष्कर्म किया गया।
नारायण साईं के विदेश भागने की आशंका
इस मामले में पुलिस द्वारा नारायण साईं से पूछताछ भी की जानी थी। अभी उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने सोमवार को आसाराम के बेटे सहित पत्नी और बेटी के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था।
पुलिस को नारायण साईं के विदेश भागने की आशंका थी। लेकिन लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद वह विदेश नहीं जा सकेंगे। देश के सभी हवाई अड्डों को इस संबंध में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
इससे पहले आसाराम की गिरफ्तारी भी पुलिस के लिए आसान नहीं रही। पूरे दिन की मशक्कत के बाद आसाराम को गिरफ्तार किया गया था।
आश्रम ने किया इनकार
हालांकि, आसाराम के अहमदाबाद आश्रम के प्रवक्ता उदय संघानी का कहना है कि नारायण साईं जांच में पुलिस का सहयोग कर रहे हैं और उनके विदेश जाने की कोई योजना नहीं है। पुलिस ने कुछ ऐसी जगहों की भी पहचान की है, जहां नारायण साईं हो सकते हैं।
नारायण साईं के खिलाफ सूरत के जहांगीरपुरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है, जबकि आसाराम के खिलाफ दर्ज मामले को अहमदाबाद स्थानांतरित कर दिया गया है। पीड़िता के मुताबिक दुष्कर्म की घटना अहमदाबाद के आश्रम में हुई थी।
आसाराम इस समय अपने जोधपुर आश्रम में नाबालिग से यौन शोषण मामले में जोधपुर की सेंट्रल जेल में बंद है।