परिजनों की लापरवाही एक बड़े हादसे का सबब बन सकती थी। हुआ यूं कि बनियाठेर थाना क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय भुलावई के एक छात्र के बस्ते से कीटनाशक की शीशी निकली।
एक दिन तो शिक्षकों ने मामले को दबा लिया लेकिन छात्रों के जरिये बात गांव में फैली तो शनिवार को ग्रामीणों ने स्कूल में आकर हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि अगर कीटनाशक गलती से मिड-डे मील आदि में गिर जाता तो क्या होता।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय भुलावई में शुक्रवार को कक्षा-छह के छात्र के बैग में कीटनाशक की शीशी देखी गई थी। बच्चों ने शिक्षकों से शिकायत की लेकिन इंचार्ज अध्यापक ने उसे डांट फटकार कर मामला रफादफा कर दिया।
बात जब गांव में फैली तो ग्रामीणों ने यह कहकर हंगामा किया कि यहीं यह कीटनाशक मिड-डे मील आदि में मिल जाता तो परिणाम घातक हो सकते थे।