प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की जमकर प्रशंसा करते हुए केंद्रीय मंत्री वैंकया नायडू ने कहा कि पीएम न खुद सोते हैं और न ही अपने कैबिनेट के साथियों को सोने देते हैं। लेकिन इस प्रकार की शैली में काम करके हमें मजा आ रहा है। आम आदमी के जीवन के लिए कुछ कर पाने से अच्छा जीवन में कोई आनंद नहीं हो सकता।
बार्सिलोना जाने से पहले पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जब मंत्रिमंडल के कुछ साथियों ने कहा कि सभी का बैंक खाता खोलने के लिए पांच साल का वक्त है तो पीएम ने कहा कि इस कार्य को हमें पांच नहीं एक साल में ही पूरा करना चाहिए।
इसी कारण प्रधानमंत्री जन धन योजना शुरू होने के सात सप्ताह बाद ही अतिरिक्त 6.99 करोड़ लोगों ने अपना बैंक खाता खुलवाया है। इस योजना के शुरू करने से पहले करीब 58 प्रतिशत लोग जो ग्रामीण इलाकों में रहते हैं उनके पास बैंक खाता नहीं था।