उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बाद सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने भी प्रधानमंत्री मोदी के सवच्छता अभियान का मजाक उड़ाया है। मुलायम सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यूपी के टॉयलेट साफ करने की चुनौती दी है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, मुलायम सिंह यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छता अभियान को चुनौती देते हुए कहा है कि मोदी को उत्तर प्रदेश के टॉयलेट साफ करना चाहिए।
रिपोर्ट के अनुसार, मुलायम सिंह यादव ने दावा किया कि भारत को तभी गंदगी मुक्त किया जा सकता है जब यहां के शौचालयों की एक बार सफाई हो जाए। उन्होंने कहा कि इंडिया गेट पर थोड़ी देर झाड़ू फिराने से देश को गंदगी मुक्त नहीं किया जा सकता। मुलायम सिंह यादव ने गंदगी को जड़ से मिटाने का तरीका भी बताया।
जड़ से गंदगी मिटाने के लिए मुलायम की राय
गंदगी के कारणों की व्याख्या करते हुए मुलायम सिंह ने कहा देश के शहरों और गांवों में गंदगी की जड़ गरीबी और लाचारी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में केवल समाजवादी पार्टी की लोगों की जरूरतों को समझती है।
मुलायम सिंह ने यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अगर सच में देश को साफ करना चाहते हैं तो उन्हें उत्तर-प्रदेश आना चाहिए और यहां के टॉयलेट साफ करना चाहिए। उन्होंने पीएम मोदी को दिखावा करने में माहिर बताया।
इतना ही नहीं उन्होंने मोदी और भाजपा पर झूठ बोलकर लोगों को बांटने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में मोदी सरकार आए सात महीने गुजर चुके हैं लेकिन अभी तक जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी में यूपी की जनता से किए अपने सभी वादे पूरे कर चुकी है।
सैफई में किसका पैसा खर्च हो रहा है?
इंडिया टुडे की ओर से सैफई महोत्सव के खर्च पर किए गए सवाल पर मुलायम सिंह यादव ने कहा कि उनकी सरकार ने सैफई महोत्सव के लिए एक पैसा भी नहीं खर्च किया। मुलायम ने कहा कि महोत्सव के आयोजन में जो भी व्यवस्था की गई है वह कार्यक्रम के आयोजकों की ओर से की गई है।
हालांकि सैफई में तैनात बड़ी मात्रा में पुलिस के जवानों और सुरक्षा व्यवस्था के लिए खर्च किए जाने वाले सरकारी पैसे पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
वहीं भारतीय मुस्लिम विकास परिषद के अध्यक्ष समी अगाई ने कहा कि मुलायम सिंह यादव मुसलमानों को ऐसे संबोधित करते हैं जैसे पूरे देश के मुसलमानों के एक मात्र वही नेता हों।