दशहरे के बाद बिहार के चुनावी रण में दोबारा उतरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमाार और लालू प्रसाद यादव पर ताबड़तोड़ हमले किए। महागठबंधन के दोनों नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए मोदी ने कहा, 'परम आदरणीय लोकतांत्रिक नीतीश बाबू, परम आदरणीय हिंदुस्तान के सबसे बड़े तांत्रिक होने का दावा करने वाले लालूजी बताएं, बिहार की जनता पूछना चाहती है कि बिहार के नौजवानों का बाहरी किसने बनाया?
सारण जिले के मड़ौरा में हुई रैली में मोदी ने कहा कि महागठबंधन महास्वार्थबंधन है, इसमें तीन खिलाड़ी हैं। एक बड़े भाई, दूसरे छोटे भाई और तीसरी मैडम जी। नीतीशजी, लालूजी और सोनिया जी, लेकिन मुझे अभी-अभी पता चला कि महागठबंधन में एक चौथा खिलाड़ी भी है- तांत्रिक। ये महास्वार्थबंधन के चार खिलाड़ी हैं। लोकतंत्र के साथ ऐसा खिलवाड़ चल सकता है क्या?
मोदी ने पूछा कि क्या दुनिया का कोई भी तांत्रिक बिहार के नौजवान को भ्रमित कर सकता है? राजद सुप्रीमो लालू यादव पर तीखा हमला करते हुए मोदी ने कहा, 'अरे लालूजी आप काले कबूतर काटो, सफेद कबूतर काटो, मिर्ची का धुआं करो। अगर यही करना है तो अपनी पार्टी का नाम भी बदल लो। राष्ट्रीय जादू टोना दल। बदल लो और आप उसके मुखिया देश के सबसे बड़े तांत्रिक।'