पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण शौरी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई तीखी टिप्पणी से तिलमिलाई मोदी सरकार ने सभी आरोपों को आधारहीन बताया है। केंद्रीय राज्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि एक बुद्धिजीवी, पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक के रूप में शौरी अहम मामलों पर अपनी राय रखते आए हैं।
लेकिन, इस समय उन्होंने ईर्ष्या के भाव में मोदी पर निशाना साधा है। सरकार की आर्थिक नीतियों को दिशाहीन करार देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कभी भी अपने कार्यों को बढ़ा-चढ़ा कर सामने नहीं रखा। बल्कि तमाम रेटिंग एजेंसियों ने कामकाज को सराहा है। रही बात सुर्खियां बटोरने की तो विश्व के तमाम बडे़ नेताओं ने मोदी के कार्यों की प्रशंसा कर हेडलाइन बनवाया।
वहीं, ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि शौरी को सरकार में कुछ नहीं मिला, इसलिए उन्होंने आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब किसी को कोई पद या प्रतिष्ठा हासिल नहीं होती तो उस व्यक्ति को गैर मुद्दों को मुद्दा बनाने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए।