रुपए में आ रही गिरावट का असर दिखना शुरू हो गया है। पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं।
पेट्रोल 2 रुपए 35 पैस और डीजल 50 पैसे महंगा हो गया है। पिछले दिनों डॉलर के मुकाबले रुपए में रिकॉर्ड गिरावट आने के बाद पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में वृद्घि तय मानी जा रही थी। रुपए के टूटने का सीधा असर तेल कंपनियों के आर्थिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा था।
गुरुवार को पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली ने इसी मुद्दे पर बातचीत के लिए वित्तमंत्री पी. चिदंबरम से मुलाकात की थी।
रुपए में आई गिरावट का असर
दरअसल सालभर में 20 फीसदी तक रुपए की कीमत घटने और कच्चे तेल की कीमत दो वर्ष के उच्चतम स्तर तक पहुंच जाने का सर्वाधिक असर सब्सिडी प्राप्त ईंधनों पर हो रहा है।
मौजूदा स्थिति में डीजल और रसोई गैस की बिक्री पर तेल कंपनियों का सालाना नुकसान 1.23 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 1.4 लाख करोड़ रुपए होने की आशंका है।