केंद्रीय कैबिनेट में होने जा रही फेरबदल से पहले एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने अपनी पार्टी की ओर से तारिक अनवर को मंत्री बनाने की सिफारिश की है। पवार ने बताया कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उनसे प्रस्तावित कैबिनेट फेरबदल से पहले नाम मांगा था। मैंने अपनी पार्टी की ओर से अनवर का नाम आगे बढ़ा दिया है।
पवार ने कहा कि केंद्र सरकार में एनसीपी के मंत्रियों की संख्या पहले जितनी ही रहेगी। उन्होंने कहा कि मैंने अनवर के नाम की सिफारिश की है, सुप्रिया सुले के नाम की नहीं। मालूम हो कि सुप्रिया पवार की बेटी हैं। माना जा रहा है कि राज्यमंत्री अगाथा संगमा की जगह अनवर को शामिल किया जाएगा। अगाथा के पिता पीए संगमा राष्ट्रपति चुनाव में उतरने के लिए एनसीपी छोड़ चुके हैं।
इससे पहले एनसीपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति में पार्टी मध्यावधि चुनावों का सामना करने के लिए भी तैयार है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि चुनावों के लिए हमें 2014 तक इंतजार नहीं करना पड़े। पवार ने दोहराया कि वह अगला आम चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि वह पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।