पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन में हुए आतंकी हमले की जांच कर रही नेशनल इंवेस्टीगेटिंग एजेंसी (एनआईए) गुरदासपुर के एसपी सलविंदर सिंह का पॉलिग्राफ परीक्षण करवा सकती है। एजेंसी इस बात की पुष्टि करना चाहती है कि सलविंदर कोई बात छिपा तो नहीं रहे।
गौरतलब है कि एयरफोर्स स्टेशन पर हमले से एक रात पहले आतंकियों ने गुरदासपुर के एसपी सलविंदर सिंह की महिंद्रा एसयूवी कार समेत उन्हें अगवा कर लिया था और बाद में उन्हें बिना नुकसान पहुंचाए छोड़ दिया था। एनआईए को शक है कि सलविंदर कोई बात छिपा रहे हैं जिसकी पुष्टि करने के लिए वह उनका पॉलिग्राफ परीक्षण करना चाहती है।
अगवा किए जाने को लेकर सलविंदर ने कहा था की वह पठानकोट में स्थित एक मजार पर हमेशा मत्था टेकने जाते हैं। वहां वापस लौटते वक्त आतंकियों ने उन्हें उनकी कार समेत अगवा कर लिया था। वहीं मजार की देखरेख करने वाले सोमराज का कहना है कि उन्होंने सलविंदर को 31 दिसंबर की रात पहली बार देखा था।