शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने कहा है कि पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को महाराष्ट्र की भूमि पर नहीं खेलने दिया जाएगा। उन्होंने बृहस्पतिवार को पार्टी के मुखपत्र सामना में लिखा है कि यह तो अच्छा हुआ कि पाकिस्तानियों के साथ जिन स्थानों पर मैच खेला जाएगा, उनमें कोई महाराष्ट्र में नहीं है।
ठाकरे ने लिखा है, ‘पाकिस्तानियों से क्रिकेट का धर्मयुद्ध होगा। खेले जाने वाले शहरों में भी पाकिस्तानियों ने आतंकवादी हमले तो किए ही हैं और दिल्ली में तो संसद की पीठ पर भी पाकिस्तानियों ने ही खंजर घोंपी है। हम अपने फैसले पर अडिग हैं कि पाकिस्तानियों को किसी भी हाल में महाराष्ट्र की पवित्र भूमि पर कदम नहीं रखने देंगे। एक सुनील गावस्कर और कपिल देव को छोड़ दें तो एक भी ऐसा व्यक्ति नहीं हुआ जो पाकिस्तान के साथ क्रिकेट न खेलने का खुल्लमखुल्ला ऐलान करने की हिम्मत दिखाए।’
उन्होंने लिखा कि हमें तो इस बात पर शर्म आती है कि महाराष्ट्र का होकर गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे इस तरह का फैसला लेते हैं। गृह मंत्री की शपथ लेने के बाद शिंदे बड़बड़ाए थे कि ऐसा काम करके दिखाऊंगा कि पूरा देश मेरी पीठ थपथपाएगा। सुशील कुमार यह कैसी पीठ ठुकवा रहे हो।