मां-बाप के बिहार से आने के बाद पाकिस्तानी जासूस एजाज की बीवी आसमा की भी आंखें खुल गई हैं। रविवार को उसके तेवर बिल्कुल बदले नजर आए।
एक दिन पहले जहां वह एजाज के साथ रहने की बात कर रही थी, रविवार को उसके सुर बदल गए। कहने लगी कि वह एजाज की सूरत भी नहीं देखना चाहती है। मैं भारतीय हूं, मैंने कोई गुनाह नहीं किया।
पाकिस्तान से आकर मोहम्मद एजाज उर्फ कलाम ने नाम बदलकर मेरे साथ धोखाधड़ी की है। सरकार को चाहिए कि उसकी तरफ से भी एजाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज करे। मैं अपने देश से गद्दारी करने वाले से कोई नाता नहीं रखना चाहती हूं। बस एक ही तमन्ना है कि बेटा पैदा हुआ तो उसे भारतीय सेना का जवान बनाने के लिए तैयार करूंगी।
आसमा ने कहा कि एजाज ने खुद को कलाम बताकर निकाह करके रिश्ते ही बुनियाद ही झूठ से रखी थी। इससे यह भी साबित हो रहा है कि मुझसे शादी भी उसने हिंदुस्तान में रहने के लिए की थी। हमारी गरीबी का फायदा उठाकर उसने बहुत बड़ा धोखा किया है।
कम शेयर करता था पर्सनल बातें
आसमा ने कहा कि उसकी बर्बादी के लिए उसके रिश्तेदार बाबर का भी हाथ है। आसमा बोली, मैंने एजाज को हिंदी पढ़ाई है। वह उर्दू और अंग्रेजी अच्छे से पढ़ लेता है लेकिन तीन साल साथ रहने के दौरान कभी उसने खुद के पाकिस्तानी होने का एहसास तक नहीं होने दिया।
एजाज अपनी पर्सनल बातों को उसके साथ बहुत कम शेयर करता था। आसमा का कहना है कि वह एक महीने बाद एजाज के बच्चे की मां बनने वाली है। गर्भ कम दिनों का होता तो मैं गिरवा देती, लेकिन अब सोच रही हूं कि इस बच्चे की क्या गलती है। बेटा पैदा हुआ तो उसका इस तरह के पालन पोषण करूंगी कि वह सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करे।