पाकिस्तान में पहली बार सिंध प्रांत की सरकार ने सरकारी तौर पर दिवाली मनाई है। पीपुल्स पार्टी के चेयरमैन बिलावल भुट्टो ने हिंदुओं के साथ दिवाली मनाई और मंदिर भी गए।
सिंध में पीपुल्स पार्टी के एसेम्बली मेंबर रमेश लाल ने बीबीसी को बताया कि पार्टी के चेयरमैन बिलावल भुट्टो बीती शाम लड़काना में हिंदू समुदाय के साढ़े चार हजार लोगों के साथ दिवाली के आयोजन में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि दिवाली के मौके पर भी बिलावल भुट्टो मंदिर में सब के साथ खुशी में शामिल हुए। रमेश लाल ने बताया, "बेनज़ीर भुट्टो ने भी एक बार कराची में दिवाली मनाई थी लेकिन यह पहला सरकारी आयोजन था।"
बिलावल भुट्टो ने दिवाली के मौके पर ट्विटर पर हिंदू समुदाय को मुबारकबाद देते हुए अपनी तस्वीरें भी पोस्ट की।