सरकार ने संकेत दे दिए हैं कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री राजा परवेज अशरफ की अजमेर यात्रा के दौरान कोई आधिकारिक वार्ता नहीं की जाएगी।
विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि यात्रा के दौरान अशरफ भारतीय नेताओं के साथ वार्ता को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
संसद के बाहर उन्होंने कहा कि मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। वह अजमेर सिर्फ जियारत करने आ रहे हैं। वह सीधे अजमेर ही पहुंचेंगे।
भारतीय नेताओं के साथ अशरफ के बैठक करने के मुद्दे पर खुर्शीद ने कहा कि ऐसी संभावना है कि राजस्थान की गवर्नर मार्गेट अल्वा उनका स्वागत करेंगी। इसके अलावा कोई कार्यक्रम नहीं है और न ही मुझे कोई जानकारी है।
अशरफ शनिवार को अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की मजार पर जियारत करने आ रहे हैं। 16 मार्च को सरकार का कार्यकाल खत्म होने से पहले संभवत: पाक पीएम की यह अंतिम विदेश यात्रा है। इससे पहले पाक राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी भी पिछले एक अप्रैल को एक दिन के लिए अजमेर आए थे।
बांग्लादेश में बीएनपी लीडर खालिदा जिया द्वारा राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के साथ मुलाकात को रद्द करने के मामले पर खुर्शीद ने कहा कि यह काफी निराशाजनक है, लेकिन विपक्ष ने शायद देश में राजनीतिक हलचलों को देखते हुए यह फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि हमारी यात्रा काफी अच्छी रही। बांग्लादेश के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने के लिए हम आगे भी कोशिश करते रहेंगे। किसी भी देश की आंतरिक राजनीति और वहां चल रही हलचलें हमारे रिश्तों के मधुर होने के रास्ते में नहीं आएंगे।