पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने एक कार्रवाई में पेशावर स्कूल हमले से जुड़े एक अहम साज़िशकर्ता, पाकिस्तानी तालिबान के कमांडर को मार दिया है। पेशावर से बीबीसी उर्दू के संवाददाता रिफ़त औरक़ज़ई ने बताया कि मारा गया कमांडर सद्दाम पेशावर स्कूल हमले को अंजाम देने में अहम सहूलतकार था।
पेशावर के पास स्थित ख़ैबर एजेंसी के कबायली इलाक़े के पॉलिटिकल एजेंट (आला अधिकारी) शहाब अली शाह ने बताया कि ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने गुरुवार को देर रात बारा इलाके में कार्रवाई की थी। हाल में पेशावर में आर्मी स्कूल पर हुए हमले में 132 बच्चों समेत 140 से ज़्यादा लोग मारे गए थे जिनमें सात हमलावर भी शामिल थे।
एक घंटे तक चली मुठभेड़
शाह ने मीडिया को बताया, "चरमपंथी कमांडर सद्दाम और उसके साथियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हुई जो एक घंटे तक चली। सद्दाम मारा गया जबकि उसके छह साथी घायल हुए हैं, जिन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया है।"
शाह के अनुसार, सद्दाम ने पेशावर स्कूल पर हमले की साजिश रचने और हमलावरों को ट्रांसपोर्ट देने और स्कूल तक पहुँचाने में मदद की थी। पाकिस्तानी सुरक्षा बल सद्दाम को तहरीक़-ए-तालिबान का अहम ग्रुप कमांडर बताते हैं और पेशावर घाटी में पोलियो टीकाकरण में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों पर हमले का दोषी भी मानते हैं।
ड्रोन हमले में मारे गए कई चरमपंथी
उधर उत्तरी वज़ीरिस्तान इलाक़े में अमरीकी ड्रोन हमले में सात चरमपंथियों की मौत हो गई है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि अफ़गानिस्तान की सीमा के नज़दीक अमरीकी ड्रोन हमले में कम से कम सात चरमपंथी मारे गए हैं।
इसी इलाक़े में उज़्बेक चरमपंथियों के ठिकाने पर हुए दूसरे ड्रोन हमले में कम से कम तीन चरमपंथी मारे गए।
अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी वज़ीरिस्तान के गुंड गांव में पंजाबी तालिबान के ठिकाने पर हुए अमरीकी ड्रोन हमले में चार चरमपंथी मारे गए।