उस्मानिया यूनिवर्सिटी की 23 वर्षीय छात्रा अपने साथी छात्र के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए साथी छात्र शिव कुमार को प्रमुख संदिग्ध बनाया है, जो कि घटना के बाद से ही फरार है।
पुलिस ने बताया कि ओल्ड सिटी के छतरीनाका क्षेत्र में यह घटना हुई है। शिव कुमार भी इसी यूनिवर्सिटी से पीजी कोर्स कर रहा है। पुलिस को बंधक अवस्था में युवती का शव शिव कुमार के घर से मिला है। पुलिस को शक है कि करीब दो दिन पहले उसकी हत्या कर दी गई थी।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म की संभावना को खारिज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में इस तरह के कोई संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ही पूरे मामले से खुलासा हो पाएगा।
पीड़ित और शिव कुमार के बीच पिछले साल बीएड कोर्स के दौरान ही दोस्ती बढ़ गई थी। इससे पहले यूनिवर्सिटी के छात्रों ने शिव कुमार को जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर अफजलगंज रोड को जाम किया।