डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की ओर से संचालित चालू शैक्षिक सत्र के बीएड पाठ्यक्रम में रिक्त सीटों पर दाखिला एक बार फिर पूल के जरिए होगा। इसके लिए सामान्य रैंक एक से लेकर 3,54,097 रैंक वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रतीक्षा सूची में पंजीयन कराना होगा।
यह पंजीकरण एक दिसंबर से सुबह दस बजे से पांच दिसंबर को मध्यरात्रि 12 बजे तक किया जा सकेगा। इसके बाद इन्हीं पंजीकृत अभ्यर्थियों में से रिक्त सीटें भरी जाएंगी। ये रिक्त सीटें मेरठ विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों की हैं, जिनकी तादाद 175 है।
प्रदेश के बीएड कॉलेजों में दाखिले का सिलसिला तीसरी बार की काउंसलिंग के बाद भी नहीं थमा है। इस काउंसलिंग के बाद कला व वाणिज्य वर्ग की लगभग 175 सीटें रिक्त रह गई हैं। इन्हीं सीटों पर प्रवेश के लिए अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूल बनाने का फैसला किया है। इसकी पुष्टि कुलसचिव शैलेष कुमार शुक्ल ने की है।
उन्होंने बताया कि सामान्य रैंक एक से लेकर 3,54,097 रैंक तक के इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश के लिए प्रतीक्षा सूची में यूपीबीईडी2012एनआईसी.इन पर पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। अभ्यर्थी अपना पंजीकरण कहीं से किसी भी साइबर कैफे से करा सकते हैं। पंजीकरण के पश्चात इन्हीं पंजीकृत अभ्यर्थियों को रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए बुलाया जाएगा।