लगातार आसमान छूते दामों ने प्याज को इस कदर बेशकीमती बना दिया है कि चोर भी मौका मिलते ही इसपर हाथ साफ करने लगे हैं। प्याज चोरी की ऐसी ही एक घटना मुंबई के उपनगरीय इलाके में देखने को मिली। यहां एक दुकान से 50 हजार रुपये कीमत के 700 किलोग्राम प्याज की चोरी कर ली गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकानदार बेहद दुखी है। पुलिस ने बताया कि 55 वर्षीय अनंत नाइक की वडाला के प्रतीक्षा नगर इलाके में स्थित दुकान से शुक्रवार रात और शनिवार की सुबह के बीच 14 बोरी प्याज चोरी हो गया।
डिप्टी पुलिस कमिश्नर धनंजय कुलकर्णी ने कहा कि करीब 700 किलोग्राम प्याज चोरी हुआ है। पुलिस के अनुसार नाइक शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे प्याज का भंडार ढंक कर घर चले गए थे। हालांकि जब शनिवार सुबह वह वापस आए तो देखा तो प्याज की 14 बोरियां गायब हैं।
पुलिस ने कहा कि चोरी हुए प्याज की अनुमानित कीमत 50,000 रुपये है। कुलकर्णी ने बताया कि वडाला टीटी थाने में इस बाबत चोरी का तहत मामला दर्ज किया गया है।
एशिया के सबसे बड़े प्याज बाजार महाराष्ट्र के लासलगांव में शनिवार को प्याज का थोक भाव 57 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया था। इससे देश के अन्य हिस्सों में प्याज की कीमत और बढ़ने के आसार हैं। प्याज की खुदरा कीमत इस वक्त 80 रुपये किलो तक पहुंच चुकी है।