अब युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का सुनहरा मौका है। सेना ने भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए कलाई से कोहनी तथा हथेली के पीछे टैटू में छूट दे दी है। हालांकि शरीर के किसी भी अन्य भाग में गुदवाया गया टैटू मान्य नहीं होगा।
जिन युवाओं की कलाई से कोहनी के हिस्से में स्थायी टैटू बना है, वे खुली भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। वहीं, शरीर के अन्य किसी भी हिस्से में गुदवाया टैटू मान्य नहीं होगा। सेना भर्ती निदेशक एसडी माथुर ने बताया कि जिन युवाओं की कलाई से कोहनी और हथेली के पीछे स्थायी टैटू हैं, वे भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
इसके अलावा शरीर के अन्य किसी भी भाग में टैटू स्वीकार नहीं है। इसके अलावा 21 वर्ष से कम उम्र के शादीशुदा युवा भी भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि पंडोह में 18 से 25 मई तक खुली भर्ती होगी। इस दौरान ग्राउंड में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने बताया कि भर्ती मेरिट लिस्ट के आधार पर होगी। उन्होंने युवाओं को हिदायत दी कि भर्ती के लिए दलालों से दूर रहें। भर्ती प्रक्रिया कंप्यूटराइज्ड है। जाली प्रमाणपत्र और दस्तावेज तैयार करने वाले उम्मीदवारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा रैली के दौरान शारीरिक शक्तिवर्धक दवाओं के इस्तेमाल करने की जांच की जाएगी।