अमेरिकी समाचार पत्र का एक कार्टून विवादों को न्योता दे सकता है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने जलवायु सम्मेलन में भारत के रुख पर टिप्पणी करते हुए एक कार्टून छापा है। कार्टून में भारत को जिस प्रकार दिखाया गया है, व्यंग्यात्मक कम और आपत्तिजनक अधिक है।
उल्लेखनीय है पेरिस जलवायु सम्मेलन में भारत का रुख है कि विकसित देश, जिनके यहां प्रतिव्यक्ति कार्बन उत्सर्जन का दुष्प्रभाव अधिक है, वे उत्सर्जन कटौती अधिक करें, जबकि विकासशील देशों पर कम बोझ डाला जाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेरिस जलवायु सम्मेलन में दिए भाषण में कह चुके हैं कि भारत विकासशील देश है और उसे विकास का मौका दिया जाए। हालांकि विकसित देश भारत को राहत देने के लिए तैयार नहीं हैं। पश्चिमी मीडिया का कहना है कि भारत के रुख के कारण ही जलवायु के मसले पर ठोस समझौता नहीं हो पा रहा है।