अब पांच सितारा होटल में भोजन करने का अंदाज बदलने वाला है।
अब तलक जो लोग ऑर्डर करने के बाद खाना खत्म करने को लेकर दिक्कतें महसूस करते हैं, उनकी मुश्किल जल्द हल हो जाएगी। अब वे हाफ प्लेट ऑर्डर कर सकेंगे।
केंद्र सरकार के नए आदेश के तहत तमाम होटलों को ग्राहक की जरूरत के मुताबिक हाफ प्लेट खाना भी परोसना होगा।
इसके अलावा अगर होटल में शुद्ध खाना बच गया है, तो इसे फेंकने के बजाय जरूरतमंदों को देने की व्यवस्था भी सरकार लागू करने जा रही है।
होटलों के लिए दिशा-निर्देश
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि फाइव स्टार होटलों के लिए एक ऐसी सूची तैयार की है, जिसमें उनके लिए दिशा-निर्देश तय किए गए हैं।
इसके तहत होटलों को बचा हुआ शुद्ध खाना स्थानीय अनाथ आश्रम, फूड बैंक या जरूरतमंदों को दान करना होगा। साथ ही खाना बेकार होने से बचाने के लिए होटल में हाफ (आधी) प्लेट खाना ऑर्डर लेने की व्यवस्था होगी।
शैंपू में रिफिलिंग की व्यवस्था
पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए होटलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मेहमानों के लिए कमरों में साबुन और शैंपू की ऐसी बोतलों का प्रयोग करें, जिनमें रिफिलिंग की व्यवस्था हो।
होटलों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे तौलिए, टिशू पेपर और चादरें ऐसी इस्तेमाल करें, जिनमें खतरनाक रसायन, ब्लीच या डाई का इस्तेमाल न हो। इस्तेमाल किए गए तौलिए या चादरों को भी गरीब लोगों या अनाथ आश्रम को दान करने को कहा गया है।