छुट्टी एवं सप्ताहांत के दौरान अगर आपने ताजमहल का भ्रमण किया है, तो वहां प्रवेश टिकट लेने के लिए लगने वाली लंबी लाइन से आप अनजान नहीं होंगे।
इस लंबी भीड़ से निजात दिलाने के लिए सरकार ने ई टिकट का रास्ता प्रशस्त किया है ताकि दर्शक पहले से टिकट लेकर वहां जा सकें। यह सुविधा दिल्ली के हुमायूं के मकबरे के लिए भी शुरू की गई है।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ महेश शर्मा ने शुक्रवार को यहां इस सुविधा की शुरुआत की। इसके लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने रेल मंत्रालय की कंपनी भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) से हाथ मिलाया है।
इसके तहत दर्शक इंटरनेट पर भुगतान कर टिकट प्रिंट कर सकते हैं। इस टिकट में एक बार कोड होगा, जिसे ताजमहल के गेट पर लगी मशीन रीड कर लेगी।