फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सांप्रदायिक लपटों में झुलसा हाथरस, बेबस हुई पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
सफाई कर्मचारी के साथ मोहल्ला विद्यापति नगर में सोमवार तड़के हुई मारपीट के बाद पूरा शहर सांप्रदायिक हिंसा की आग में झुलस गया। घंटाघर से शुरू हुआ उपद्रव धीरे-धीरे पूरे शहर में फैल गया। इस दौरान जमकर मारपीट, पथराव, फायरिंग व आगजनी हुई। घरों और मोहल्लों में देसी बम फेंके गए। इसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
विज्ञापन


उपद्रव के चलते बाजारों में भगदड़ मच गई और धीरे-धीरे शहर के सभी बाजार बंद हो गए। पुलिस शहर के कई मिश्रित आबादी वाले इलाकों में स्थिति नियंत्रित करने की देर शाम तक कोशिश कर रही थी। प्रशासन ने बवाल के चलते धारा 144 लागू कर दी है।

डीआईजी अलीगढ़ रेंज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। कई इलाकों में काफी पुलिस व अन्य फोर्स तैनात कर दिया गया है और वहां अघोषित कर्फ्यू जैसी स्थिति बनी हुई है।
विज्ञापन

फायरिंग-पथराव में एक दर्जन से अधिक जख्मी

स्थानीय नगर पालिका में तैनात एक सफाई कर्मचारी गुड्डू उर्फ दौलतराम निवासी बालापट्टी सोमवार को तड़के जब अपने बेटे मनीष के साथ मोहल्ला विद्यापति नगर में सफाई कर रहा था तो आरोप है कि दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने मनीष के साथ पुरानी रंजिश के चलते मारपीट कर दी। विरोध करने पर गुड्डू के साथ भी मारपीट की।

गुड्डू के परिजन शिकायत करने कोतवाली पहुंचे तो घायल बाप-बेटे को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जब नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों को सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट की जानकारी हुई तो लोग भड़क गए। इन लोगों ने नगर पालिका के कार्यालयों में ताले ठोंक दिए और जिला अस्पताल पहुंच गए। जिला अस्पताल में गुड्डू और मनीष का डॉक्टरी परीक्षण कराया।

यह बात फैलते ही शहर में उपद्रव शुरू हो गया। उपद्रवियों ने शहर में घंटाघर पर फलों की ढकेल लगा रहे विक्रेताओं की ढकेल पलट कर तोड़-फोड़  की और उन्हें आग के हवाले कर दिया। सादाबाद गेट व आगरा रोड पर ढकेल विक्रेताओं के ढकेल पलट दीं।

पुलिस के सामने मोहल्लों में चलती रहीं गोलियां, पथराव

कुछ उपद्रवियों ने बस स्टैंड पर जब एक होटल में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ की कोशिश की तो दूसरे पक्ष ने फायरिंग कर दी। इसमें आस मोहम्मद के सिर में चोट लगी। इससे वहां भी अफरा-तफरी मच गई।

इधर, एक अन्य मोहल्ले के काफी लोग हाथों में डंडे, रॉड आदि लेकर बाजारों में आ गए और जबरिया बाजार बंद करा दिए। कुछ दुकानदारों के साथ मारपीट की। इसके बाद बाजारों में भगदड़ मच गई और शहर के सभी मुख्य बाजार बंद हो गए।

इसी दौरान मिश्रित आबादी वाले बालापट्टी व नाई का नगला मोहल्लों में उपद्रव शुरू हो गया। एक पक्ष ने जमकर फायरिंग की और देसी बम फेंके। दूसरे पक्ष ने पथराव किया। इसमें गोली लगने से युवक राजकुमार घायल भी हो गया। कई राहगीर भी पथराव में घायल हो गए।
विज्ञापन

मिश्रित आबादी वाले इलाकों में तनाव, धारा 144 लागू

पुलिस वहां काफी देर बाद पहुंची लेकिन तब तक दर्जनों दसी बम और सैकड़ों फायर किए जा चुके थे। सड़कों पर पत्थर पड़े थे। शहर में इस बवाल के बाद बालापट्टी में डीएम शमीम अहमद पहुंच गए। फिर, डीआईजी अलीगढ़ मोहित अग्रवाल आ गए। अलीगढ़, एटा से फोर्स आ गई और पीएसी भी वहां पहुंच गई।

पुलिस फोर्स के सामने भी पथराव और फायरिंग हुई। इसे रोकने को पुलिस मोहल्लों की संकरी गलियों में भागदौड़ करती रही। देर शाम तक शहर के कई इलाकों में काफी तनाव व्याप्त था और पुलिस व अन्य फोर्स बड़ी तादाद में तैनात कर दी गई थी।

जिले में धारा 144 लागू कर दी गई थी। इधर, सफाई कर्मचारियों ने सफाई काम ठप कर नगर पालिका में धरना दिया और आगे भी काम ठप करने का ऐलान कर दिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें