ट्रेनों में बढ़ते अपराध पर किस तरह लगाम लगाई जाए इसके लिए रेल मंत्री सुरेश प्रभु, गृह मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सभी राज्यों के पुलिस प्रमुखों के बीच थे।
रेल मंत्री ने सभी के समक्ष स्वीकार किया कि उनके पास ट्रेनों में यात्रियों से दुर्व्यवहार की काफी शिकायतें आ रही हैं। इनमें पुलिस कर्मी भी शामिल हैं। अपराध और यात्रियों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार को किस तरह रोका जाए इसके लिए ट्रेनों को कुछ कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
यही नहीं उन्होंने खुलासा किया कि रेलवे ने आरपीएफ में संवेदनशील व्यवहार के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया है। यह कार्यक्रम अपने राज्य में शुरू करने की सलाह उन्होंने पुलिस प्रमुखों को भी दी। वहीं, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑनलाइन एफआईआर पर जोर देते हुए यात्रा के दौरान पुख्ता सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय यातायात सुरक्षा रणनीति बनाने की वकालत की।