रेल टिकट खरीदने के लिए अब न बुकिंग काउंटर पर लाइन में खड़े होने की जरूरत होगी और न ही ऑनलाइन बुकिंग के लिए इंटरनेट तथा प्रिंटर की झंझट।
अपने मोबाइल से सिर्फ एक एसएमएस कीजिए और टिकट बुक हो जाएगा। किराया भी आपके मोबाइल से भुगतान हो जाएगा। आईआरसीटीसी पहली जुलाई से यह सुविधा शुरू करने जा रहा है।
आईआरसीटीसी के अनुसार मोबाइल से टिकट खरीदने की सुविधा प्रत्येक मोबाइल कंपनी के माध्यम से उपलब्ध होगी। कोई भी व्यक्ति मोबाइल द्वारा एसएमस के अलावा यूएसएसडी (अनस्ट्रक्चरड सप्लीमेंट्री डाटा) तकनीक से भी टिकट बुक कर सकता है।
अब जनरल टिकट भी लीजिए मोबाइल से
मोबाइल से टिकट खरीदने के लिए पहले इच्छुक व्यक्ति को आईआरसीटीसी के दिए गए नंबर पर अपने मोबाइल नंबर को रजिस्टर करना होगा।
इसके साथ ही आपके मोबाइल पर किस बैंक से मोबाइल बैंकिंग की सुविधा है यह भी रजिस्टर करना होगा। संबंधित बैंक इसके लिए एमएमआईडी तथा वन टाइम पासवर्ड देगा।
आप ट्रेन का नंबर तथा यात्रा संबंधी अन्य विवरण व यात्रियों के नाम को आईआरसीटीसी के तय नंबर भेज दें। एक बार में इस माध्यम से अधिकतम छह व्यक्तियों का टिकट बुक कराए जा सकेंगे।
आईआरसीटीसी इसके बाद आपको भुगतान के लिए एक आईडी नंबर देगा। उक्त नम्बर के साथ आप भुगतान के लिए मिले वन टाइम पासवर्ड को एसएमएस करना होगा। और इस तरह टिकट बुक होने के बाद आपको टिकट का पूरा विवरण एसएमएस के जरिये मिल जाएगा।
एक बुकिंग के लिए कुल दो एसएमएस पर छह रुपये खर्च होंगे जबकि पांच हजार रुपए तक टिकट की कीमत के भुगतान पर 10 रुपये का चार्ज लगेगा।
इसी तरह यूएसडीडी तकनीकी से भी मोबाइल के जरिये क्रमवार सूचना देकर टिकट खरीदा जा सकेगा। आईआरसीटीसी ने अभी एसएमएस के लिए तय नंबर जारी नहीं किया है। उसकी घोषणा बाद में की जाएगी।