गुरुवार को कानपुर में हुए एक कार्यक्रम में शिरकत कर रहे यूपी कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री आज़म खां अपनी एक टिप्पणी की वजह से विवादों में आ गए। उन्होंने एक रेप पीड़िता पर टिप्पणी की थी। तमाम राजनीतिक पार्टियों के अलावा खुद रेप पीडि़ता ने आजम की इस टिप्पणी को अपना अपमान बताया है।
दरअसल कानपुर में रेप के आरोपियों कि गिरफ्तारी की मांग को लेकर आजम खां से मिलने गई एक रेप पीड़िता को वहां की पुलिस ने आजम खां से मिलने नहीं दिया। इस पर वहां पर हंगामा हुआ। इस घटना को आजम खां चुपचाप देख रहे थे। बाद में जब आजम ने मंच संभाला तो इस पर विवादित बातें कर बैठे।
आजम ने कहा कि कोई मोहतरमा उनसे मिलने आईं थीं। कुछ हंगामा हो रहा था मैं समझ नहीं पाया कि मामला क्या है। लेकिन यह कहना चाहता हूं कि "उसके साथ जो कुछ हुआ उससे उन्हें शोहरत मिली। इस तरह के हंगामे से शोहरत ही मिलती हैं। वह ऐसा न करें"
आजम खां के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में इस बात की तीखी भर्त्सना हुई। कुछ महिला संगठनों ने भी इस मुद्दे पर आजम खां की आलोचना की। इस मामले में अभी तक आजम खां की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।