रबी की बुआई के मद्देनजर पावर कारपोरेशन प्रबंधन ने गांवों को 10 घंटे बिजली आपूर्ति का फैसला किया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर गांवों को आपूर्ति बढ़ाई गई है। गांवों का नया आपूर्ति शिड्यूल रविवार से प्रभावी होगा।
पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक ए.पी. मिश्र ने शनिवार को इस बाबत सभी क्षेत्रीय नियंत्रण कक्षों को निर्देश भेज दिए हैं। नियंत्रण कक्षों को निर्धारित अवधि में आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। फिलहाल नया शिड्यूल 30 नवंबर तक के लिए तय किया गया है। बिजली की उपलब्धता होने पर 30 नवंबर के बाद गांवों को 10 घंटे से ज्यादा आपूर्ति की जा सकती है।
रबी की बुआई तथा पहले बोई जा चुकी सरसों की फसल की सिंचाई में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पावर कारपोरेशन प्रबंधन को ग्रामीण इलाकों को कम से कम 10 घंटे बिजली आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शनिवार को पावर कारपोरेशन के अधिकारियों ने आनन-फानन में सभी चार क्षेत्रीय लोड डिस्पैच सेंटरों (आरएलडीसी) से जुड़े जिलों केलिए आपूर्ति की नई समयसारिणी तैयार करके उसके मुताबिक आपूर्ति के आदेश जारी कर दिए। पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक एपी मिश्र ने बताया कि नई समयसारिणी रविवार से प्रभावी होगी।
इटावा, मैनपुरी, कन्नौज, कानपुर देहात के झींझक, रसूलाबाद व कंचौसी, संभल, रामपुर, औरैया के विधूना तथा ताज ट्रिपेजियम क्षेत्र को इस समयसारिणी के दायर से बाहर रखा गया है। यानी इन इलाकों को पहले की तरह 10 घंटे से ज्यादा आपूर्ति जारी रहेगी।
मिश्र ने बताया कि शहरों के आपूर्ति शिड्यूल से किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। गांवों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए अतिरिक्त बिजली एनर्जी एक्सचेंज से खरीदी जाएगी या अन्य स्रोतों से बिजली का इंतजाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मौसम बदलने की वजह से लोड कम हो रहा है इसलिए नए शिड्यूल के अनुसार आपूर्ति में ज्यादा दिक्कत नहीं आएगी।
गांवों की आपूर्ति बढ़ाने के साथ-साथ शहरों को भी निर्धारित समयसारिणी के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश फील्ड के अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नया शिड्यूल फिलहाल 30 नवंबर तक के लिए तय किया गया है। इसके बाद बिजली की उपलब्धता होने पर गांवों की आपूर्ति 10 से बढ़ाकर 12 घंटे तक की जा सकती है।
आपूर्ति की समयसारिणी
आरएलडीसी जिले समय (कब से कब तक)
पनकी कंट्रोल-1 - इलाहाबाद, फतेहपुर, बहराइच, फैजाबाद, रात 10 बजे से सुबह 8 बजे
गोंडा, प्रतापगढ़, रायबरेली, सुल्तानपुर, छत्रपतिशाहूजी
महाराजनगर, बाराबंकी, फर्रू खाबाद, एटा।
पनकी कंट्रोल- 2 कांशीरामनगर, कानपुर, लखनऊ, उन्नाव सुबह 10 बजे से शाम आठ बजे
रमाबाईनगर अंबेडकरनगर, कौशांबी, औरैया,
बलरामपुर, श्रावस्ती
सारनाथ-1 गोरखपुर, बलिया, गाजीपुर, महराजगंज, बस्ती, रात एक बजे से पूर्वाह्न 11 बजे
देवरिया, मिर्जापुर, जौनपुर, आजमगढ़
सारनाथ-2 वाराणसी, मऊ, सोनभद्र, सिद्धार्थनगर, सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे
कुशीनगर, चंदौली, संतकबीर नगर, संतरविदासनगर
मोदीपुरम-1 बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद रात 11 बजे से दिन नौ बजे
मोदीपुरम-2 सहारनपुर, गौतमबुद्धनगर, बागपत, सुबह नौ बजे से शाम सात बजे
पंचशीलनगर, प्रबुद्ध नगर
मुरादाबाद-1 भीमनगर, अलीगढ़, आगरा, बिजनौर, बरेली रात 12 बजे से सुबह 10 बजे
फिरोजाबाद, हरदोई, सीतापुर, बंदायू
मुरादाबाद-2 - मथुरा, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, पूर्वाह्न 11 बजे से रात नौ बजे
पीलीभीत, रामपुर, ज्योतिबाफुलेनगर, महामायानगर