मशहूर पाकिस्तानी गायक अदनान सामी को मुंबई पुलिस ने भारत में तय वक्त से ज्यादा रहने के लिए नोटिस जारी किया है। उनकी वीजा अवधि इस महीने की शुरुआत में खत्म हो गई।
पिछले कुछ साल से अदनान सामी भारत में ही रह रहे हैं। इस महीने की शुरुआत में सामी की वीजा अवधि खत्म हो गई।
लिहाजा मुंबई पुलिस ने उन्हें यहां निर्धारित अवधि से ज्यादा रहने के आरोप में नोटिस जारी किया है और यह भी पूछा है कि इसे री-न्यू करने के लिए उन्होंने क्या किया है।
अदनान का पिछला वीजा पिछले साल सितंबर से लेकर इस साल अक्टूबर के पहले सप्ताह तक के लिए मान्य था।
सूत्रों के मुताबिक सामी ने मुंबई पुलिस से यह कहा था कि उन्होंने वीजा विस्तार के लिए आवेदन किया था लेकिन वह अपने दावों के समर्थन में पुख्ता दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
अगर सामी पुलिस के नोटिस का जवाब दाखिल करने में नाकाम रहे और विदेशियों के लिए निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर सके तो गृह मंत्रालय कार्रवाई कर सकता है।
सामी का वीजा खत्म होने का मामला उस समय सामने आया, जब अदालत में अपनी पूर्व पत्नी के साथ चल रहे एक मुकदमे में सुनवाई हो रही थी।
पूर्व पत्नी सबा गलादारी के साथ लोखंडवाला के एक डुपलेक्स फ्लैट को लेकर उनका झगड़ा चल रहा है।
वीजा प्रकरण के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की फिल्म विंग ने सामी को वापस पाकिस्तान भेजने की मांग की है। सामी ने फिल्म विंग से मिलकर उससे सहयोग मांगा था।