दिल्ली गैंगरेप के बाद नाबालिग दोषियों की उम्रसीमा घटाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में कानून मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय को नोटिस भेजा है। कोर्ट ने मंत्रालय से नाबालिग दोषियों की उम्रसीमा घटाने पर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 14 फरवरी को होगी।
हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट की वकील श्वेता कपूर की याचिका पर सुनवाई करते हुए कानून मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय को यह नोटिस जारी किया। श्वेता कपूर ने याचिका में मांग की थी महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में नाबालिग दोषियों की उम्रसीमा 18 साल से घटाकर 16 साल कर दी जाए।
गौरतलब है कि दिल्ली गैंगरेप केस में पकड़े गए 6 आरोपियों में से एक आरोपी नाबालिग है। दिल्ली पुलिस ने भी अपनी चार्जशीट में नाबालिग आरोपी को शामिल नहीं किया है। वहीं, हाल ही में गैंगरेप की शिकार छात्रा के भाई ने भी मांग की थी कि नाबालिग अपराधियों की उम्रसीमा 14 साल कर दी जाए।