काशी विश्वनाथ मंदिर में अनाज रखने वाले लोहे के ड्रम (कंडाल) में नोटों का बंडल मिलने से चर्चाओं का बाजार गर्म है। यह पैसा मंदिर के चढ़ावे का है, जिसे कपड़े के बंडल में बांधकर ड्रम में रखा गया था।
मंगलवार को परिसर की सफाई के दौरान प्रभारी मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने जब ड्रम खोलवाया तो नोटों का बंडल देखकर सन्न रह गए। हालांकि अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी का कहना था कि यह चढ़ावे की रकम है। जिसकी गिनती नहीं हो पाई थी।
बहरहाल, काशी विश्वनाथ मंदिर के काउंटर से लगे कक्ष में ड्रम में रखे चढ़ावे के रुपयों की गिनती शुरू हो गई है। मंगलवार को गिनती हुई। नोटों के साथ सिक्के भी गिने गए। प्रभारी सीईओ ने नोटों की गिनती कराकर पूरी रकम बाबा के बैंक खाते में जमा कराने का निर्देश दिया है।
सोमवार की शाम मंदिर पहुंचे प्रभारी सीईओ ने हर कोने का जायजा लिया और छतों से लेकर कमरों तक की पूरी सफाई कराई थी। उसी दौरान काउंटर से लगे कक्ष में ड्रम में रखे नोटों के बंडल मिले थे।