भाजपा सांसद रमाकांत यादव ने सपा में शामिल होने की अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मैं क्या, मेरी लाश भी सपा में नहीं जाएगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वाले टीवीचैनल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा हूं। वह बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
गौरतलब है कि मंगलवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के आजमगढ़ से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद यह अफवाह फैली कि भाजपा सांसद रमाकांत यादव सपा में शामिल होंगे।
एक टीवी चैनल ने भी इसी तरह की खबर प्रसारित की थी। तेजी से फैल रही इस अफवाह को विराम देते हुए सांसद रमाकांत यादव ने बुधवार को प्रेस वार्ता में साफ किया कि वह सपा में नहीं जा रहे हैं।