ललित मोदी के पिता और गॉडफ्रे फिलिप्स के मालिक केके मोदी ने दावा किया है कि राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल दशकों से हमारे परिवार के मित्र रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनकी अपने बेटे ललित मोदी से कभी-कभी बात होती है।
के के मोदी ने अंग्रेजी अखबार इॅकानामिक टाइम्स को दिए इंटरव्यू में बताया कि ललित मोदी वयस्क है और उन्हें मेरी सलाह की कोई आवश्यकता नहीं है। के के मोदी से पूछा गया था कि क्या ललित मोदी से जुड़े विवादों से बाद आपने उन्हें कोई सलाह दी है? उन्होंने कहा कि ललित को मेरी सलाह की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि बिजनेस के जुड़े मुद्दों पर हमारी कभी-कभी बात होती है।
के के मोदी ने दावा किया कि मोदी परिवार वसुंधरा राजे सिंधिया को पिछले 25 सालों से जानता है। अब वो राजनीति में गई और फिर मुख्यमंत्री बन गई तो इसका हमारे परिवार से क्या लेना-देना है। उन्होंने बताया कि उनकी मां और वसुंधरा राजे सिंधिया की मां विजयराजे सिंधिया आध्यतमिक गुरू आनंदमयी मां की अनुयायी थीं।