आधा मई बीतने के साथ ही पूरा उत्तर भारत गर्मी की मार से बेहाल हो गया है।
देश के इस हिस्से के अधिकांश क्षेत्रों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे आम जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
उत्तर भारत में गर्मी का सबसे अधिक कहर उत्तर प्रदेश के महोबा में देखने को मिला। यहां रविवार को पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में भी गर्मी पूरे शबाब पर है।
दिल्ली के मानक केंद्र सफदरजंग पर रविवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।
वैसे दिल्ली के पालम केंद्र पर अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आद्रर्ता 68 से 19 फीसदी के बीच गोते लगाती रही।
दिल्ली में शनिवार को पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस था। एक दिन में तापमान में हुई इस वृद्धि और लू के थपेड़ों ने राष्ट्रीय राजधानी के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
दिल्ली ही नहीं बल्कि लू ने लगभग पूरे उत्तर भारत को अपने चपेटे में ले लिया है। एनसीआर के अन्य इलाकों में भी लोग गर्मी की मार से बेहाल हैं।
रविवार को फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री, नोएडा में 43.8 डिग्री, गाजियाबाद में 43.5 डिग्री और गुड़गांव में 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एनसीआर के साथ ही यूपी, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान को पूरे सप्ताह गर्मी और लू यूं ही सताएगी।
अधिकतम तापमान में भी अभी और बढ़ोतरी होगी। अगले पांच दिन में तापमान 46-47 डिग्री तक पहुंचने की भविष्यवाणी की गई है।
उधर, उत्तर प्रदेश में महोबा के साथ ही बांदा और जालौन भी भयंकर गर्मी की मार झेल रहे हैं। रविवार को बांदा में पारा 48 डिग्री और जालौन में 47.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
जहां तक पंजाब और हरियाणा की बात है तो यहां भी लोग गर्मी की मार से बेहाल हैं। पिछले तीन दिन में गर्मी में हुई बढ़ोतरी से दोनों प्रदेशों के अधिकांश इलाकों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।
रविवार को हरियाणा में हिसार सबसे गर्म स्थान रहा। यहां पारे ने सामान्य से पांच डिग्री ऊपर चढ़ते हुए 46 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू लिया। नारनौल में पारा 45.5 डिग्री और अंबाला में 42.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
पंजाब में अमृतसर और लुधियाना में सबसे अधिक 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से क्रमश: सात और छह डिग्री सेल्सियस अधिक हैं। पटियाला में पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
उधर, चंडीगढ़ में भी गर्मी कहर ढा रही है। यहां रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर 42.1 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
राजस्थान में भी गर्मी कहर ढा रही है। चुरू प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।