विश्व की नंबर दो मोबाइल निर्माता कंपनी नोकिया ने भारत छोड़कर चीन जाने की चेतावनी केंद्र सरकार को दी है। इस मोबाइल कंपनी का कहना है कि अगर उसे ज्यादा परेशानी हुई तो वह चीन चली जाएगी।
नोकिया ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर कहा है कि तमिलनाडु सरकार उसको सहयोग नहीं कर रही है। देश के अंदर इस समय बिजनेस करने लायक माहौल ही नहीं रह गया है।
नोकिया कंपनी ने वित्त मंत्रालय को लिखे पत्र में कहा है कि तमिलनाडु सरकार समय से उसका वैट रिफंड वापस नहीं कर रही है। इस तरह से कंपनी को परेशान किया जा रहा है।
कंपनी ने वित्त मंत्रालय को गैर-अधिकारिक तौर पर लिखे पत्र में कहा है कि अगर यही माहौल रहा तो भारत के अंदर भविष्य में निवेश करने पर सोचना पड़ेगा।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक फिनलैंड की मोबाइल निर्माता इस कंपनी ने पत्र में लिखा है कि अगर ऐसा ही रहा तो वह अपने मोबाइल की मैन्युफैक्चरिंग चीन में शुरू कर सकती है। चीन में मैन्युफैक्चरिंग करने के बाद वहां से मोबाइल मंगाकर भारत में बेचना शुरू करेगी।
इससे पहले मार्च 2013 में इनकम टैक्स विभाग ने 2,080 करोड़ रुपए टैक्स का नोटिस नोकिया को दिया था।
चेन्नई में नोकिया ने 285 मिलियन डॉलर की लागत से अपनी बड़ी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की है।
नोकिया की इस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में प्रत्यक्ष तौर पर 8,000 लोगों को रोजगार मिला हुआ है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से 30,000 लोगों को रोजगार मिलता है।