हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने खाप पंचायतों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए कहा है कि उन पर पाबंदी का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है।
वह गुड़गांव में होने वाले वैश्विक निवेशक सम्मेलन के सिलसिले में कोलकाता में आयोजित एक रोड शो के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने राज्य के उद्यमियों को हरियाणा में निवेश करने का न्योता भी दिया।
खाप पंचायत पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि खाप पंचायतों की अपनी ताकत है। वे समाज सुधार का काम करती हैं। एक या दो गलतियों से यह पंचायतें पूरी तरह गलत नहीं हो जातीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इन पंचायतों को नहीं बनाया है। हरियाणा में ये बीते आठ सौ वर्षों से काम कर रही हैं। उन्होंने दहेज प्रथा के खिलाफ और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और लिंग अनुपात जैसे मुद्दों पर समाज में सुधार लाने का काम किया है।