संसद हमले के आरोप में फांसी की सजा पा चुके अफजल गुरु की दया याचिका पर गृह मंत्रालय ने फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया है। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने अफजल गुरु की फाइल को फिर से विचार के लिए गृह मंत्रालय को भेज दिया है।
इस संबंध में गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि उसकी फाइनल अभी गृह मंत्रालय में ही है और अभी तक यह मुझ तक नहीं पहुंची है। अभी तक मैंने सिर्फ अजमल कसाब की दया याचिका की फाइल ही देखी है।
इसके अलावा शिंदे ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच उदारीकृत वीजा समझौता व्यवस्था लागू करने के लिए पाक आंतरिक मंत्री रहमान मलिक को भारत आने का निमंत्रण दिया गया है। वह 11 से 13 दिसंबर तक यहां होंगे।
उन्होंने कहा कि रहमान मलिक को राजनयिक चैनल के जरिए निमंत्रण भेजा गया है। उनकी यात्रा के दौरान भारत-पाक वीजा समझौते को लागू कर दिया जाएगा। शिंदे ने बताया कि मलिक का जन्मदिन 12 दिसंबर को होता है और उन्होंने इस मौके पर ताजमहल घूमने की इच्छा जताई है। सरकार उनकी इस यात्रा की व्यवस्था करेगी।