केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि आगामी पांच साल में महाराष्ट्र में सड़क निर्माण पर एक लाख करोड़ खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगले दो साल में केवल भूतल परिवहन विभाग और जहाजरानी मंत्रालय के जरिए देश की जीडीपी 2 प्रतिशत बढ़ जाएगी। गडकरी ने दावा किया कि आने वाले दो साल में भारत की जीडीपी चीन से अधिक हो जाएगी।
कोल्हापुर में रविवार को आयोजित महाराष्ट्र भाजपा कार्यकारिणी और राज्य परिषद की तीन दिवसीय बैठक के समापन भाषण में गडकरी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जमकर बखान किया।
भूमि अधिग्रहण बिल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इसमें सिर्फ 5 संशोधन किए हैं, जो राष्ट्रहित में हैं। इसके बावजूद इस बिल का विरोध हो रहा है, क्योंकि कुछ विकृत मानसिकता वाले लोग देश का विकास नहीं होने देना चाहते।