नगालैंड के दीमापुर में एक बडे़ से गड्ढे में सड़े-गले नौ शव बरामद किए गए हैं।
इनमें से एक शव की पहचान असम के कर्बी छात्रनेता के रूप में की गई है, जबकि अन्य शवों की पहचान की जानी बाकी है। पहचाना गया छात्र नेता हार्लोंगबी इंगती कर्बी स्टूडेंट एसोसिएशन का सचिव था।
यहां काम कर रहे मजदूरों की बदबू फैलने की सूचना पर पुलिस को शुक्रवार रात एक के ऊपर एक करके रखे हुए ये शव मिले।
पुलिस के मुताबिक, शवों के हाथ पीछे की ओर बंधे हुए पाए गए, जबकि इनके सिर में बेहद नजदीक से गोली मारी गई है। इन्हें नीले रंग की पॉलीथीन चादर से ढंका गया था, जिस पर बडे़-बडे़ पत्थर रखे हुए थे।
माना जा रहा है कि इनकी हत्या दो हफ्ते पहले ही की गई थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि इनके गायब होने के बारे में किसी भी थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
संभावना जताई जा रही है कि इन्हें कहीं और मारा गया हो और शवों को यहां लाकर छिपाया गया हो।