छत्तीसगढ़ में कांग्रेसी काफिले पर नक्सलियों के हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) करेगी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह भी इस जांच के लिए तैयार हैं।
न्यूयॉर्क से फोन पर केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा, ‘मैंने रमन सिंह से बात की है और वे केंद्रीय एजेंसी द्वारा इस हमले की जांच के लिए राजी हैं।’
शिंदे ने कहा कि उन्होंने गृह सचिव आरके सिंह को इस मामले में कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं।
नक्सलियों को करारा जवाब देगी सरकार
वहीं आरपीएन सिंह ने कहा कि केंद्र इस हमले के मामले में एक उच्च स्तरीय कमेटी से जांच कराएगा। जिसमें यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि कांग्रेसी काफिले की सुरक्षा में कहां चूक हुई और इसका जिम्मेदार कौन है?
उन्होंन कहा, ‘इस मामले में किसी पर तो जिम्मेदारी आएगी ही। हम इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेंगे।’
रमन सिंह की सुरक्षा बढी़
हमले के बाद राज्य के मुख्यमंत्री रमन सिंह को एनएसजी कवर समेत ‘जेड प्लस’ सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
सरकारी सूत्रों ने रविवार को बताया कि अब सिंह किसी भी समय राज्य में या उससे बाहर निकलेंगे, उन्हें ब्लैक कैट कमांडो दल की सुरक्षा मिलेगी। इसमें तीन अलग-अलग समूहों में आठ कमांडो होंगे। ये सभी कमांडो रायपुर में ही रहेंगे।
आज मध्य प्रदेश बंद
नक्सली हमले के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को मध्य प्रदेश बंद की घोषणा की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने यह घोषणा करते हुए मांग की कि कांग्रेसी काफिले को सुरक्षा प्रदान करने में नाकाम रहने के कारण रमन सिंह को छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।